पूर्व मुख्यमंत्री नवीन पटनायक ने भुवनेश्वर के अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) में भर्ती छात्रा की मृत्यु पर प्रतिक्रिया व्यक्त की है।

उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, “सबसे दुखद यह है कि यह कोई दुर्घटना नहीं थी, बल्कि एक ऐसे प्रणाली का परिणाम था, जिसने सहायता करने के बजाय मौन धारण किया। न्याय की लड़ाई लड़ते-लड़ते अंततः उस लड़की ने अपनी आँखें हमेशा के लिए बंद कर लीं।”
पटनायक ने कहा कि छात्रा की मृत्यु केवल शारीरिक चोटों के कारण नहीं, बल्कि राज्य सरकार की लापरवाही के कारण हुई, जिसने उसे अकेला छोड़ दिया। उन्होंने इसे ‘संस्थागत धोखा’ और ‘एक योजनाबद्ध अन्याय’ करार दिया।
राहुल गांधी ने बताया ‘संगठित हत्या’ बीजेपी ने क्या कहा??
कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने ओडिशा के भुवनेश्वर स्थित अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) में भर्ती छात्रा की मृत्यु पर प्रश्न उठाया है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मौन क्यों हैं? राहुल गांधी ने छात्रा की मृत्यु को बीजेपी के तंत्र द्वारा की गई हत्या बताया।

उन्होंने कहा, “उस बहादुर छात्रा ने यौन शोषण के खिलाफ आवाज उठाई, लेकिन न्याय के बजाय, उसे धमकाया गया, प्रताड़ित किया गया और बार-बार अपमानित किया गया। जिनका कर्तव्य उसकी रक्षा करना था, उन्होंने ही उसे तोड़ा।” राहुल गांधी ने यह भी दावा किया कि “यह आत्महत्या नहीं, बल्कि तंत्र द्वारा संगठित हत्या है।”
केंद्रीय शिक्षा मंत्री और बीजेपी नेता धर्मेंद्र प्रधान ने राहुल गांधी के बयान पर प्रतिक्रिया व्यक्त की है, जिसमें उन्होंने कहा कि राहुल गांधी ओछी राजनीति कर रहे हैं। उन्होंने एक्स पर लिखा, “एक गंभीर और संवेदनशील मामले को राजनीतिक हथियार बनाना, राहुल गांधी की सस्ती मानसिकता को दर्शाता है।”
बालासोर के फकीर मोहन कॉलेज में एक छात्रा ने कॉलेज के एक विभागाध्यक्ष पर यौन उत्पीड़न का आरोप लगाया था और बाद में आत्महत्या का प्रयास किया था, जिसके परिणामस्वरूप छात्रा को गंभीर स्थिति में एम्स में भर्ती कराया गया।
परिवार पर आरोप
छात्रा के परिवार का आरोप है कि पिछले कई महीनों से उसके साथ यौन उत्पीड़न हो रहा था, और उसने इस संबंध में कॉलेज प्रशासन को शिकायत भी की थी, लेकिन कार्रवाई न होने पर छात्रा ने आत्महत्या का कदम उठाया।
कॉलेज के निलंबित प्रिंसिपल दिलीप घोष से संपर्क करने का प्रयास किया, लेकिन उन्होंने इस विषय पर कोई टिप्पणी करने से इंकार कर दिया। पुलिस ने अभियुक्त विभागाध्यक्ष समीर साहू को गिरफ्तार कर लिया है। सोमवार को प्रिंसिपल दिलीप कुमार घोष को भी गिरफ्तार किया गया है।