हरियाणा के नूंह जिले में ब्रज मंडल जलाभिषेक यात्रा को शांति से संपन्न कराने हेतु सरकार ने इंटरनेट और बल्क SMS सेवाओं को अस्थायी रूप से निलंबित कर दिया है। सुरक्षा के दृष्टिगत 2,500 पुलिसकर्मी तैनात किए गए हैं, मांस बिक्री पर प्रतिबंध है और विद्यालय बंद हैं। अफवाहों पर नियंत्रण हेतु सोशल मीडिया की निगरानी की जा रही है।

हरियाणा के नूंह में इंटरनेट और एसएमएस सेवाएं 24 घंटे के लिए निलंबित कर दी गई हैं। यह निलंबन 13 जुलाई रात 9 बजे से 14 जुलाई रात 9 बजे तक प्रभावी रहेगा। सरकार ने यह निर्णय नूंह ज़िले में बृज मंडल जलाभिषेक यात्रा के संदर्भ में लिया है।
हरियाणा सरकार के आदेश में उल्लेख है कि नूंह ज़िले में मोबाइल इंटरनेट, बल्क एसएमएस सेवाएं (बैंकिंग और मोबाइल रिचार्ज सेवाओं को छोड़कर) और मोबाइल नेटवर्क पर उपलब्ध सभी डोंगल सेवाएं 24 घंटे के लिए निलंबित की जाती हैं। हालांकि, वॉयस कॉल सेवाओं को इस प्रतिबंध से छूट दी गई है।
आदेश में यह भी कहा गया है कि इस निर्णय का उद्देश्य व्हॉट्सऐप, फेसबुक और एक्स (पूर्व में ट्विटर) जैसे सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म्स पर गलत जानकारी और अफवाहों के प्रसार को रोकना है।
न्यूज़ एजेंसी पीटीआई के अनुसार, नूंह ज़िले में इंटरनेट और एसएमएस सेवाओं का निलंबन बृज मंडल जलाभिषेक यात्रा के शांतिपूर्ण आयोजन को सुनिश्चित करने के लिए किया गया है।
इस बीच, पुलिस अधिकारी नरेश कुमार ने मीडिया से बातचीत करते हुए कहा कि हम किसी भी स्थिति से निपटने के लिए पूरी तरह से तैयार हैं।